नहीं बदल रहा है देश का नाम, भारत बनाम इंडिया विवाद पर अनुराग ठाकुर ने लगाया विराम

संसद के विशेष सत्र शुरू होने से पहले उसके एजेंडा को लेकर कयासबाजी जारी है। इस बीच देश के नाम को लेकर एक सियासी विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा जी20 शिखर सम्मेलन के डिनर के लिए भेजे गए निमंत्रण पत्र पर प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा हुआ है।


इसके अलावा 20वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 18वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री की इंडोनेशिया यात्रा से संबंधिक एक सरकारी बुकलेट में नरेंद्र मोदी को "भारत के प्रधानमंत्री" के रूप में लिखा गया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने उसकी तस्वीर ट्वीट किया है।

इस सबके बीच केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने देश के नाम बदलने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने 'द इंडियन एक्सप्रेस' से बात करते हुए कहा, ''मुझे लगता है कि ये महज अफवाह है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जो कोई भी भारत शब्द पर आपत्ति जताता है, वह स्पष्ट रूप से अपनी मानसिकता को दर्शाता है।'' राष्ट्रपति के निमंत्रण पत्र पर उन्होंने कहा कि वह भारत के राष्ट्रपति हैं इसलिए उन्होंने प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिख दिया। इसमें क्या हुआ?"

अनुराग ठाकुर ने कहा, ''मैं भारत सरकार में मंत्री हूं। इसमें नया कुछ भी नहीं है। G20 2023 के ब्रांडिंग लोगो पर भारत और इंडिया दोनों लिखा होगा। तो फिर भारत नाम पर आपत्ति क्यों? भारत से किसी को आपत्ति क्यों है? इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है कि वे दिल से इंडिया या भारत के खिलाफ हैं। विलायत में जाते हैं तो भारत की निंदा करते हैं। जब वे भारत में होते हैं तो उन्हें भारत के नाम पर आपत्ति होती है।''
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
भाजपा नेताओं ने जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण में राष्ट्रपति को प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत के नाम से संबोधित किए जाने के कदम की सराहना की है। पार्टी के नेताओं ने मंगलवार को कहा कि देश के लिए हिंदी नाम का इस्तेमाल उसकी सभ्यता की यात्रा को बताता है। हमारी सभ्यता अमृत काल की ओर बढ़ रही है। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं ने इस बारे में विपक्ष की आपत्तियों को भी खारिज कर दिया।

मालूम हो कि दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को भारत की अध्यक्षता के तहत जी20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित विश्वभर से कई राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शरीक होने वाले हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने