अगर हमारे शरीर में कोई परेशानी होती है या किसी अंग में कोई खराबी होती है, तो कुछ संकेत मिलने लगते हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में लोग इन संकेतों को नजर अंदाज कर देते हैं। अगर समय रहते शरीर के इन संकेतों को पहचान लिया जाए तो परेशानियों और बीमारियों से बचा जा सकता है।
किडनी भी हमारे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। किडनी का प्रमुख कार्य खून को साफ करना और शरीर के अपशिष्ट पदार्थों को यूरिन यानी पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकालना है। किडनी में कोई भी समस्या होने पर हमारा शरीर कई तरह के संकेत देने लगता है। जिनके बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं।
शरीर के इन अंगों पर आ जाए सूजन तो हो जाएं सावधान
अगर आपके चेहरे, आंखों या पैरों में सूजन आ रही है तो आपको सावधान होने की जरूरत है। किडनी का मुख्य काम विषाक्त और अपशिष्ट पदार्थों को शरीर से बाहर निकालना है, लेकिन जब किडनी सही तरीके से काम करना बंद कर देती है तो अपशिष्ट पदार्थ शरीर से बाहर नहीं निकल पाते, जिसके चलते शरीर के ऊतकों में पानी और नमक के साथ ही विषाक्त पदार्थों का निर्माण होना शुरू हो जाता है। जब शरीर में ऐसा होता है तो आपके चेहरे, पैरों और आंखों के आसपास सूजन आने लगती है. अगर आपके साथ ऐसा हो रहा है तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
बहुत ज्यादा थकान
अगर आपको बहुत अधिक थकान हो रही है तो ये भी किडनी में परेशानी के संकेत हो सकते हैं। बता दें कि किडनी लाल रक्त कोशिकाओं का भी निर्माण करती है, जिसकी कमी से एनीमिया हो सकता है। किडनी मस्तिष्क और मांसपेशियों तक पहुंचने वाली ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न कर सकती है, जिससे आप बेहद थका हुआ महसूस कर सकते हैं।
पेशाब के रंग में बदलाव
किडनी में परेशानी होने पर पेशाब के रंग में भी बदलाव देखने को मिलता है। आमतौर पर, किडनी ब्लड को फिल्टर करने में मदद करती है जिससे मूत्र का उत्पादन होता है, जिसके माध्यम से शरीर से अपशिष्ट बाहर निकल जाते हैं। लेकिन जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो पेशाब का रंग बदल जाता है और पेशाब करते समय परेशानी होने लगती है। कुछ लोगों को बार-बार पेशाब आने का अनुभव हो सकता है, जबकि अन्य को पेशाब में खून दिखने, झाग बनने आदि की समस्या हो सकती है।
सांस लेने में परेशानी
बता दें कि किडनी हमारे शरीर में फ्लूइड को बैलेंस करने का काम करती हैं। किडनी में दिक्कत होने पर फेफड़ों में फ्लूइड जमने लगता है, जिससे सांस लेने में काफी ज्यादा परेशानी होने लगती है। इस दौरान कुछ लोगों को छाती में दर्द का भी सामना करना पड़ता है।
स्किन का ड्राई होना
किडनी में परेशानी होने पर स्किन काफी ज्यादा ड्राई होने लगती है और खुजली की समस्या होने लगती है। स्किन का ड्राई होना और खुजली होना भी किडनी की बीमारी का एक संकेत हो सकता है। यह ब्लड में मिनरल्स और पोषक तत्वों के असंतुलन का संकेत होता है।
Tags
Lifestyle

