भारतीय स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने World Championship में गोल्ड मेडल जीतने के साथ लाखों-करोड़ों फैंस के भी दिल जीते। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे भारत के ही नहीं बल्कि पाकिस्तान के फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं।
जी हां, वायरल वीडियो में नीरज चोपड़ा पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम को Event खत्म होने के बाद फोटो क्लिक कराने के लिए बुलाते नजर आ रहे हैं। अरशद नदीम भी इस फाइनल Event का हिस्सा रहे थे, उन्होंने 87.82 मीटर की दूरी तय कर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं चेक गणराज्य के याकूब वालेश ने कांस्य पदक जीता, जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 86.67 मीटर का था।
जैसा कि वीडियो में देखने को मिल रहा है कि नीरज चोपड़ा तिरंगे के साथ चेक गणराज्य के एथलीट याकूब वालेश के साथ फोटो click कराते नजर आ रहे हैं। दोनों एथलीट के पास अपने-अपने देश का झंडा था। तभी नीरज की नजरें अरशद पर गई और उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी को फोटो क्लिक कराने के लिए बुलाया। जल्दबाजी में इस दौरान अरशद पाकिस्तानी झंडा नहीं ला पाए थे, मगर उन्होंने नीरज के साथ फोटो क्लिक कराई। आप भी देखें ये शानदार वीडियो-
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम के बीच जैवलिन थ्रो Event में काफी जबरदस्त टक्कर देखने को मिलती है। वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान भी अरशद ने नीरज को पछाड़ने की पूरी-पूरी कोशिश की मगर वह 0.35 मीटर की दूरी से चूंक गए। उन्होंने 87.82 मीटर के साथ अपने इस सीजन का बेस्ट थ्रो फेंका।
नीरज ने इस इवेंट के बाद देशवासियों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा 'भारतवासियों को मैं धन्यवाद बोलूंगा कि आप रात को जाग रहे हैं और सपोर्ट कर रहे हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद। ये मेडल पूरे इंडिया के लिए है। ओलंपिक चैंपियन बने थे और अब वर्ल्ड चैंपियन हैं। हम कुछ भी कर सकते हैं, आप सभी अपनी-अपनी फील्ड में ऐसे ही मेहनत करते रहो और हमको दुनिया में नाम करना है।'
