आज से 22 साल पहले साल 2001 में रिलीज हुई 'गदर: एक प्रेम कथा' का निर्देशन करने वाले निर्देशक अनिल शर्मा पिछले महीने इसका सीक्वल 'गदर 2' लेकर आए। सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा स्टारर इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छप्पर फाड़ कमाई की।
अनिल शर्मा निर्देशित 'गदर 2' ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। 2001 में रिलीज हुई 'गदर' ने जहां उस जमाने में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 80 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं 'गदर 2' 500 करोड़ के क्लब में एंट्री ले चुकी है और अभी भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। रिलीज होने के एक महीने से भी कम समय में फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए है। सफलता के बारे में बात करते हुए अनिल शर्मा ने ईटाइम्स से कहा, 'मैं बहुत भाग्यशाली हूं, कई लोगों को एक गदर नहीं मिलती, मुझे दो गदर मिली।'
अनिल शर्मा ने हाल ही में दिए इस इंटरव्यू में आगे कहा, 'लेकिन मेरा मानना है कि इसमें मैंने कोई जादू नहीं किया है, यह सब भगवान और मेरे माता-पिता के आशीर्वाद के कारण है। यह भगवान ही हैं जिन्होंने मेरी खुशी और मेरे दुख का फैसला किया है, इसलिए मैं इस उपलब्धि का श्रेय नहीं ले सकता। मैं ऐसा व्यक्ति हूं जो मानता है कि मेरी सफलता मेरी सफलता नहीं है और मेरी विफलता मेरी विफलता नहीं है, यह वह परवरिश है जो मेरे दादाजी ने मुझे दी थी। मुझे सिखाया गया था कि जो होने वाला है वह होकर रहेगा, यदि आप मूर्ख हैं तो आप इस पर रोएंगे, यदि आप चतुर हैं तो आपके चेहरे पर मुस्कान होगी। मैंने बहुत सारे अच्छे और बुरे समय देखे हैं और मैंने दोनों को एक ही नजरिए से लिया है।'
अनिल शर्मा के मुताबिक दोनों गदर की रिलीज के बीच जो 22 साल का अंतराल है उसमें एक चीज है जो बदली है। निर्देशक के अनुसार जो एक चीज जरूर बहुत बदल गई है वह राजनीतिक माहौल है। आज लोगों की धार्मिक पहचान पर काफी ज्यादा सवाल उठाए जाते हैं और ऐसे समय में काफी लोग ये मान रहे हैं कि गदर 2 मुस्लिम विरोधी हैं। अपना रुख स्पष्ट करते हुए, निर्देशक कहते हैं, 'मैं ऐसी मार्केटिंग चीजों के बारे में नहीं सोचता, मैं एक कलाकार हूं और मैं यह नहीं समझता कि दुनिया कैसे काम करती है। मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि मैं गदर 2 बनाना चाहता था क्योंकि लोगों की इच्छा थी इसे देखने के लिए।'

